Murder in Love Affair in Samastipur: बताते चले की समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के पचरुखी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार की सुबह गांव के ही महेश्वर राय के 27 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार का शव पूसा थाना क्षेत्र के मोरसंड गाछी में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। वहीं मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और शव की पहचान गौतम कुमार के रूप में की। पुलिस की एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
गला दबाकर की गई हत्या
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के गले पर दबाव के निशान मिले हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि गौतम की गला दबाकर हत्या की गई है। कर्पूरीग्राम थानाध्यक्ष ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।
परिजनों ने प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका जताई है, हालांकि हत्या के पीछे का सही कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आवेदन प्राप्त होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
स्टेशन जाने के बहाने निकला था घर से
मृतक गौतम कुमार ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। कुछ समय से वह दिल्ली में मजदूरी भी कर रहा था। उसके पिता महेश्वर राय ने बताया कि गौतम 21 अप्रैल को दिल्ली से अपने गांव लौटा था।
गुरुवार की शाम करीब साढ़े आठ बजे गौतम ने अपने परिजनों को बताया कि वह समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से टिकट लेने जा रहा है। वह पैदल ही घर से निकल गया। रात करीब नौ बजे उसने अपने पिता के मोबाइल पर कॉल कर कहा कि वह रात में स्टेशन पर ही रुक जाएगा। अगले दिन सुबह स्थानीय ग्रामीणों से परिजनों को मोरसंड गाछी में शव मिलने की जानकारी मिली।















