समस्तीपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने रेग्युलर वाहन चेकिंग के दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी एक कार जब्त की है। कार पर सवार दो युवकों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब छह महीने से इसी फर्जी नंबर प्लेट पर कार चला रहे थे।

गिरफ्तार युवकों की पहचान बिथान थाना क्षेत्र के सोहमा गांव निवासी स्वर्गीय अशोक साहू के 33 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार और अंगारघाट थाना क्षेत्र के विरनामा टोला निवासी पवन राय के 19 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस ने कैसे पकड़ी फर्जीवाड़े की बात

मुफस्सिल थाना अध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह ने बताया कि नियमित जांच के दौरान पुलिस ने कार को रोककर कागजात मांगे। कार पर लगा नंबर BR06 DG 3085 था। जब इस नंबर का सत्यापन किया गया तो पता चला कि यह नंबर मुजफ्फरपुर निवासी फौजी मुकेश कुमार की पत्नी ममता कुमारी के नाम पर रजिस्टर्ड है।

“नंबर के सत्यापन से पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया।” – अजीत प्रसाद सिंह, थाना अध्यक्ष, मुफस्सिल

पुलिस ने इसके बाद असली वाहन मालिक मुकेश कुमार से सीधा संपर्क किया। मुकेश कुमार ने पुष्टि की कि उनकी कार सुरक्षित उनके घर पर ही खड़ी है और कहीं बाहर नहीं गई। इसी से साफ हो गया कि गिरफ्तार युवक जिस कार पर घूम रहे थे, उस पर लगा नंबर पूरी तरह फर्जी था।

यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में स्कूल जा रही इंटर की छात्रा की गोली मारकर हत्या

इंजन और चेसिस नंबर भी मिटा दिए गए थे

जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कार के इंजन और चेसिस नंबर को भी जानबूझकर घिस कर मिटा दिया गया था, ताकि वाहन की असली पहचान सामने न आ सके। आरोपी कार से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज पुलिस को नहीं दिखा सके।