बिहार के समस्तीपुर जिले के वैनी थाना क्षेत्र के कजिया गांव में सोमवार सुबह करीब 9 बजे स्कूल जा रही 12वीं की छात्रा सोनम कुमारी की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना कब और कहां हुई?
मृतका सोनम कुमारी वार्ड संख्या-14, कजिया गांव के उमेश ठाकुर की बेटी थी। वह पूसा रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय में 12वीं की छात्रा थी। सोमवार सुबह वह स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर पैदल विद्यालय के लिए निकली थी। घर से कुछ दूरी पर कजिया मलंग स्थान के पास बाइक सवार अपराधियों ने उस पर गोलियां चला दीं। प्रारंभिक जानकारी में छात्रा को तीन गोली लगने की बात सामने आई है, हालांकि पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
घटना के बाद सड़क पर स्कूल ड्रेस में शव पड़े रहने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया और लोगों ने थाने के सामने टायर जलाकर हंगामा किया।
पुलिस को क्या मिला घटनास्थल से?
वैनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए हैं। सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय ने बताया कि मामले को जघन्य अपराध मानते हुए एसआईटी का गठन किया गया है।
“परिजनों से महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर एक संदिग्ध आरोपी की पहचान कर ली गई है। गोली चलाने वालों की संख्या के संबंध में फिलहाल कुछ स्पष्ट नहीं है, यह अनुसंधान का विषय है।” संजय कुमार पांडेय, एसडीपीओ सदर-1
एफएसएल और डीआईयू की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह और एसडीपीओ-1 संजय कुमार पांडेय सदर अस्पताल भी पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।















