चकमेहसी थाना क्षेत्र में 7 जुलाई को हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस की एसआईटी ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान गुलाब राय, मो. अहमद उर्फ बाबा और शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर के रूप में हुई है। इनमें से दो पर 25-25 हजार रुपए का इनाम भी घोषित था।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान क्या है?
गिरफ्तार गुलाब राय कल्याणपुर थाना क्षेत्र के छेठ बखरी का रहने वाला है। मो. अहमद उर्फ बाबा चकमेहसी का निवासी है, जबकि शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर वैनी थाना क्षेत्र के रेपुरा गांव का रहने वाला है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: ₹4 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए थे समस्तीपुर सदर अस्पताल के प्रबंधक, हाईकोर्ट ने अब जमानत की रद्द
दो बदमाशों पर था 25-25 हजार का इनाम

एसपी के अनुसार, गुलाब राय और मो. अहमद के विरुद्ध 25-25 हजार रुपए का इनाम पहले से घोषित था। दोनों अभियुक्त पूर्व से कुख्यात फेकन हत्याकांड सहित कई कांडों में वांटेड थे। पुलिस लंबे समय से इन बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
गुलाब राय और मो. अहमद का आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार गुलाब राय के विरुद्ध कल्याणपुर थाना में सात और चकमेहसी थाना में पूर्व से दो कांड दर्ज हैं। वहीं मो. अहमद उर्फ बाबा का आपराधिक रिकॉर्ड सबसे लंबा है। उसके खिलाफ चकमेहसी थाना में पांच, कल्याणपुर थाना में तीन, बंगरा थाना में एक, मुसरीघरारी थाना में एक और मुजफ्फरपुर जिले के सकरा व पियर थाना में एक-एक मामला पहले से दर्ज है। तीसरे अभियुक्त शशि रंजन ठाकुर उर्फ गोलू ठाकुर के विरुद्ध वैनी थाना में पूर्व से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।















