Elvish Yadav News: हरियाणा के मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर रविवार सुबह एल्विश यादव के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग की जिम्मेदारी कुख्यात भाऊ गैंग ने ली है। गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रितोलिया ने सोशल मीडिया पोस्ट जारी कर कहा कि एल्विश यादव ने बेटिंग ऐप को प्रमोट कर कई परिवारों को बर्बादी की ओर धकेला है। इसी कारण उनके घर के बाहर 25 से 30 राउंड फायरिंग की गई। घटना के वक्त एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे।

यह घटना सिर्फ एक अपराध की खबर नहीं बल्कि बड़े सवाल खड़े करती है। आखिरकार क्या सोशल मीडिया स्टार्स को बिना सोचे-समझे किसी भी ऐप या ब्रांड को प्रमोट करना चाहिए? एल्विश यादव पहले से ही कई विवादों में रहे हैं और यह फायरिंग केस उनकी छवि पर और असर डाल सकता है। फैंस लगातार उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं। गुरुग्राम पुलिस अब इस मामले की तहकीकात में जुटी है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

सोशल मीडिया पर गैंग का कबूलनामा

Firing At Youtuber Elvish Yadav: फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक पोस्ट में भाऊ गैंग ने साफ लिखा कि वे इस हमले के पीछे हैं। गैंगस्टर नीरज फरीदपुर और भाऊ रितोलिया का कहना है कि एल्विश यादव जैसे बड़े चेहरे जब बेटिंग ऐप को प्रमोट करते हैं, तो युवा उस जाल में फँस जाते हैं और परिवार आर्थिक संकट में घिर जाते हैं। इसी को देखते हुए उन्होंने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली।

फायरिंग की घटना और पुलिस की कार्रवाई

बता दें कि रविवार सुबह एल्विश यादव के गुरुग्राम सेक्टर-56 स्थित घर पर ताबड़तोड़ 25 से 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। घटना के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, केवल परिवार के सदस्य और केयर टेकर थे। जैसे ही गोलीबारी की सूचना मिली, गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया ताकि गोलियों के खोल और अन्य सबूत इकट्ठे किए जा सकें।