Bhojpuri Controversy: भोजपुरी स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच विवाद फिर से सामने आया। ज्योति पवन के लखनऊ स्थित फ्लैट पर पहुंची जहाँ पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। ज्योति ने आरोप लगाया कि पवन ने पुलिस बुलाई है और उन्हें धमकाया जा रहा है। उन्होंने जनता से न्याय की मांग की है और कहा है कि उन्हें बेइज्जत किया जा रहा है।

 भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक महिला ज्योति रोते हुए पवन सिंह के फ्लैट के बाहर दिखाई दे रही हैं। यह पूरा मामला पटना के सेलिब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट का बताया जा रहा है, जहां पवन सिंह रहते हैं। पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर सार्वजनिक रूप से चर्चा बना। रविवार को सुशांत गोल्फ सिटी स्थित सेलिब्रिटी गार्डन अपार्टमेंट में पवन के फ्लैट पर ज्योति पहुंची तो उनको रोकने पुलिस आ धमकी।

इससे नाराज ज्योति ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर आरोप लगाया कि उनके पति पवन सिंह ने पुलिस बुलाई है। इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी फोन पर उनको धमका रहे हैं। ज्याेति ने इसके अलावा तमाम तरह के आरोप पवन सिंह पर लगाए।

ज्योति बोलीं – “मैं बिना मिले नहीं जाऊंगी”

वायरल वीडियो में ज्योति कहती नजर आ रही हैं कि वह दोपहर को पवन सिंह से मिलने उनके घर आई थीं, लेकिन उन्हें फ्लैट के अंदर जाने नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि जबरन रोकने के लिए पवन सिंह ने पुलिस बुला ली। वीडियो में ज्योति हाथ जोड़कर कहती हैं, “मैं बिना मिले हुए नहीं जाऊंगी।” इस दौरान वह लगातार रो रही हैं और न्याय की मांग कर रही हैं।