Dhurandhar 2: ‘धुरंधर: द रिवेंज’ का रिव्यू कई स्टार्स ने अभी तक कर लिया है, जिसमें अल्लू अर्जुन, कंगना रनौत, राम चरण, जूनियर एनटीआर का नाम शामिल हैं
Dhurandhar 2: फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. रणवीर सिंह की फिल्म हर दिन कमाई के मामले में कमाल कर रही है. ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. हर तरफ सिर्फ फिल्म के गाने, इसके किरदार, डायलॉग की ही बातें हो रही है. बॉलीवुड तो फिल्म की तारीफ कर ही रहा है. इसके साथ ही साउथ स्टार्स मूवी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. अब शिल्पा शेट्टी ने मूवी का रिव्यू किया है और एक्स पर अपनी राय फिल्म को लेकर दी है.
शिल्पा शेट्टी ने किया ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का रिव्यू
शिल्पा शेट्टी ने एक्स पर ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ को लेकर लिखा, क्या शानदार परफॉर्मेंस. रणवीर सिंह, आपने अपने दिल और आत्मा दोनों से काम किया है… और यह हर सीन में साफ दिखता है. पूरी तरह दमदार… आप सच में बब्बर शेर हैं! आर. माधवन, अब कोई हैरानी नहीं-आपकी संवेदनशीलता कुछ ऐसी है जिससे मैं सीखना चाहती हूं, क्लास एक्ट! अर्जुन रामपाल-खतरनाक, मैग्नेटिक और आपका अब तक का बेहतरीन काम. संजय दत्त, आपने हर फ्रेम में अपना दबदबा दिखाया. राकेश बेदी जी, आपने साबित कर दिया कि असली कला हमेशा कायम रहती है. आपकी यात्रा किसी खूबसूरत कविता जैसी लगती है. हर कलाकार, हर किरदार को बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है. हर कोई इसका हकदार है.
आदित्य धर की तारीफ में क्या बोलीं एक्ट्रेस?
एक्ट्रेस अपने पोस्ट में आगे लिखती है, आदित्य धर इस समय के सबसे शानदार डायरेक्टर हैं! आपकी कहानी कहने की शैली बेहद ईमानदार है.
‘धुरंधर’ एक कल्ट फिल्म बनती नजर आ रही है. देशभक्ति की भावना इस फिल्म को खास बनाती है और इसे एंटरटेनिंग भी रखती है. सिंगल स्क्रीन से लेकर मल्टीप्लेक्स तक-हर जगह सीटी, तालियां और खुशी देखने को मिल रही है. पूरी टीम को ढेर सारी बधाई. लंबे समय बाद ऐसा पूरा पैसा वसूल अनुभव देखने को मिला.
जरूर देखनी चाहिए.
बॉक्स ऑफिस पर कौन है आगे?
19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ और ‘उस्ताद भगत सिंह’ रिलीज हुई थी. जहां रणवीर सिंह की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही है चर्चा में है, तो दूसरी तरफ पवन कल्याण की मूवी ‘उस्ताद भगत सिंह’ काई के मामले में बहुत पीछे है. धुरंधर ने तीन दिन में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. जबकि ‘उस्ताद भगत सिंह’ ने तीन दिन में सिर्फ 52.90 करोड़ रुपये का कलेक्शन ही किया है.


















