मुजफ्फरपुर: जिले में आयोजित जिला संचालन समिति की बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शराब से हुई संदिग्ध मौतों पर गंभीर टिप्पणी की। डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यदि कोई अधिकारी शराब से मौत के मामलों को छिपाने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने कहा, “मुझे इस बीमारी का इलाज करना है। यदि हम बीमारी को छुपाते हैं, तो यह और बढ़ती है। शराब और नशा राष्ट्र के लिए हानिकारक हैं, और इसे समाप्त करना अनिवार्य है। बिहार में शराब बंदी सभी दलों की सहमति से लागू की गई थी। आज यदि विपक्ष का कोई नेता शराब बंदी का विरोध कर रहा है, तो वह सिर्फ नौटंकी कर रहा है।”
मौतों का अब और इंतजार नहीं
विजय कुमार सिन्हा ने विपक्ष के नेताओं पर आरोप लगाया कि वे शराब माफियाओं का संरक्षण कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “शराब माफियाओं को अपने पार्टी का उम्मीदवार बनाकर सम्मानित किया जा रहा है। चाहे शराब माफिया हो या बालू माफिया, NDA सरकार संकल्पित है कि उनकी गतिविधियों को खत्म किया जाएगा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग जहरीली शराब का कारोबार कर रहे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। “अब हम किसी भी मौत का इंतजार नहीं करेंगे। जो लोग समाज में अराजकता फैला रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पहले भी कई माफियाओं को गिरफ्तार किया गया है, और आगे भी गिरफ्तारी जारी रहेगी।”






















