Muzaffarpur Best Market For Plumbing Material:अगर आप घर बनाने या मरम्मत कराने की तैयारी कर रहे हैं और कम कीमत में अच्छा हार्डवेयर व प्लंबिंग सामान खरीदना चाहते हैं, तो मुजफ्फरपुर का जवाहरलाल रोड आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। यह बाजार थोक कारोबार का बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां पाइप, नल, टोंटी, समर्सिबल पंप से जुड़े उपकरण और अन्य जरूरी सामान उचित कीमत पर उपलब्ध हैं।
Muzaffarpur Best Market For Plumbing Material: जवाहरलाल रोड बना हार्डवेयर कारोबार का बड़ा केंद्र
जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर का जवाहरलाल रोड वर्षों से हार्डवेयर और प्लंबिंग सामग्री के बड़े बाजार के रूप में पहचान रखता है। यहां दर्जनों थोक दुकानें संचालित होती हैं। यही वजह है कि खुदरा दुकानदार भी यहीं से सामान खरीदकर अपने क्षेत्रों में बेचते हैं। बाजार में घरेलू उपयोग के छोटे नल से लेकर बड़े निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले पाइप और फिटिंग सामग्री तक आसानी से मिल जाती है।
व्यापारियों का कहना है कि थोक बाजार होने के कारण यहां सामान की कीमत अन्य जगहों की तुलना में कम रहती है। ग्राहकों को एक ही क्षेत्र में कई विकल्प मिल जाते हैं। इससे वे अलग-अलग दुकानों पर जाकर कीमत और गुणवत्ता की तुलना कर सकते हैं। यही सुविधा इस बाजार को खास बनाती है।
आसपास के जिलों से भी पहुंचते हैं खरीदार
इस बाजार की लोकप्रियता केवल मुजफ्फरपुर तक सीमित नहीं है। सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा समेत कई जिलों से लोग खरीदारी के लिए यहां आते हैं। निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार, मिस्त्री और व्यवसायी भी इस बाजार को प्राथमिकता देते हैं। उन्हें यहां एक ही जगह पर अलग-अलग कंपनियों के उत्पाद मिल जाते हैं।


















