Do Deewane Seher Mein OTT: सिद्धांत चतुर्वेदी और मृणाल ठाकुर की मूवी दो दीवाने शहर में आपको याद होगी। फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। संजय लीला भंसाली द्वारा समर्थित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। इसने 27 दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 9.27 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। फिल्म में सिद्धांत और मृणाल की जोड़ी पहली बार स्क्रीन शेयर करते दिखी थी। अब दो महीने बाद ये ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली है।
‘दो दीवाने शहर में’ घर बैठे देखें
रोमांटिक फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए तैयार है। आप इसे घर बैठे 17 अप्रैल से देख सकते हैं. प्लेटफॉर्म ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन इसे एप की कमिंग सून कैटेगरी में पहले ही लिस्ट कर दिया गया है।
फिल्म की कहानी
रवि उदयावर के निर्देशन में बनी यह फिल्म शशांक और रोशनी (मृणाल द्वारा अभिनीत) की कहानी है। ये दोनों युवा पेशेवर हैं, जिनकी पर्सनैलिटी एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है। रोशनी जिंदगी को प्रैक्टिकल नज़रिए से देखती है, जबकि शशांक रोमांस में यकीन रखता है। दोनों मिलते हैं और उनके घर वाले चाहते हैं कि उनकी शादी हो जाए। हालांकि किसी वजह से रोशनी उसे मना कर देती है, लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर होता है। आगे की कहानी जानने के लिए आपको मूवी देखनी होगी।
मृणाल ठाकुर की आने वाली फिल्म
मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी फिल्म’डकैत: ए लव स्टोरी’ को लेकर चर्चा में है। फिल्म थिएटर्स में रिलीज हो चुकी है। मृणाल के साथ मूवी में अदिवी शेष है. फिलहाल फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पा रही है और संघर्ष कर रही है। अब सारी उम्मीदें इस साल रिलीज होने वाली उनकी तीसरी फिल्म – ‘है जवानी तो इश्क होना है’पर टिकी हैं. इसमें उनके साथ वरुण धवन और पूजा हेगड़े भी हैं। कुछ दिन पहले, मेकर्स ने फिल्म का टीजर रिलीज़ किया था। डेविड धवन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।





















