आमिर खान इन दिनों अपने बेटे जुनैद खान की अपकमिंग फिल्म एक दिन को लेकर चर्चा में है। आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और जुनैद खान अभिनीत एक रोमांटिक ड्रामा 1 मई 2026 को रिलीज हो रहा है। इस बीच उनका एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने 90 के दशक के रोमांटिक सिनेमा के प्रति अपने प्यार के बारे में बात की। आमिर ने बताया कि वह शाहरुख खान की मूवी कुछ कुछ होता है को देखकर बहुत रोए थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने आंसू अपनी पत्नी रीना दत्ता के दुपट्टे में पोंछा था।

एक दिन के बारे में आमिर खान के क्या कहा?

मिर्ची प्लस के साथ बातचीत में आमिर खान ने कहा, “मुझे लगता है कि 90 के दशक में ज्यादा रोमांटिक फिल्में बनती थीं, जहां तक मुझे याद है। जैसे शाहरुख खान की ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’। जबरदस्त म्यूजिक। सलमान खान की भी ऐसी फिल्में थीं। मैंने तो असल में कम ही रोमांटिक फिल्में की हैं। 90 के दशक में रोमांस काफी था और मुझे लगता है कि यह फिल्म ‘एक दिन’ एक एकदम शुद्ध, जादुई और पुराने जमाने की रोमांटिक फिल्म है जो काफी समय बाद आ रही है। मुझे रोमांस बहुत पसंद है। मुझे रोमांटिक फिल्में सच में बहुत अच्छी लगती हैं।”

शाहरुख खान की इस फिल्म को देखकर खूब रोए थे आमिर खान

उन्होंने आगे कहा, “ रोमांटिक फिल्में देखते समय मैं बहुत रोता हूं मुझे याद है मैं शाहरुख खान की एक फिल्म देख रहा था, वही जो करण जौहर की पहली फिल्म थी, ‘कुछ कुछ होता है’। रीना और मैं उसे राज कमल थिएटर में देख रहे थे। वैसे भी मुझे रोना बहुत जल्दी आ जाता है। वह बहुत ही इमोशनल फिल्म थी और मैं बहुत रोया। बदकिस्मती से, रीना ने एक ऐसी ड्रेस पहनी हुई थी जिसके साथ जरी-वर्क वाला दुपट्टा था। मैंने अपने आंसू पोंछने के लिए उसी के दुपट्टे का इस्तेमाल कर लिया और नतीजा यह हुआ कि मेरे चेहरे पर खरोंचें आ गईं। मुझे एकदम रोमांटिक फ़िल्में बहुत पसंद हैं। जैसे ‘फना’। इसलिए जब यह कहानी (‘एक दिन’) मेरे पास आई, तो मुझे यह सच में बहुत अच्छी लगी।”

‘एक दिन’ के बारे में जानें

जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘एक दिन’ 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘एक दिन’ का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है, जिन्होंने इससे पहले ‘रंग दे बसंती’ में आमिर खान और कुणाल कपूर के साथ सहायक निर्देशक के तौर पर काम किया है। फिल्म में कुणाल का कैमियो है।

यह भी पढ़ें- Aashiqui 2 Re-Release: ‘आशिकी 2’ फिर से रिलीज होगी? श्रद्धा कपूर का बयान वायरल