Skip to main content
Samastipur News

आशा भोसले को कब और कहां दी जाएगी अंतिम विदाई? सामने आई डिटेल्स

वेटरन सिंगर आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं। सिंगर ने आज 92 साल की उम्र में आखिरी सांस ली। आशा भोसले के निधन से फैंस से लेकर सेलेब्स काफी दुखी है। आइए आपको बता

Updated at :

दिग्गज सिंगर आशा भोसले का निधन आज हो गया। उनके बेटे आनंद भोसले ने उनके निधन की पुष्टि की। आशा ने 92 की साल में इस दुनिया को अलविदा कहा। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “आशा भोसले जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं। दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी भावपूर्ण धुनें हों या जीवंत रचनाएं, उनकी आवाज में एक कालातीत चमक थी। उनके साथ हुई मुलाकातों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। वह आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत हमेशा लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।” इसके अलावा कई सेलेब्स ने भी उनके लिए पोस्ट लिखा। आइए आपको बताते हैं कि उनका अंतिम संस्कार कब होगा।

कब होगा आशा भोसले का अंतिम संस्कार?

आशा भोसले का पार्थिव शरीर कल (13 अप्रैल) सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक उनके आवास पर रखा जाएगा, ताकि परिवार, दोस्त, सहकर्मी और प्रशंसक उन्हें अपनी अंतिम श्रद्धांजलि दे सकें। उनका अंतिम संस्कार उसी दिन शाम 4 बजे शिवाजी पार्क में किया जाएगा। उनके बेटे आनंद भोसले ने अस्पताल के बाहर मौजूद मीडिया से कहा, “मेरी माताजी श्रीमती आशा भोसले का आज निधन हो गया है। जहां वह रहती थीं कासा ग्रैंड, लोअर परेल वहां सुबह 11 बजे उनके अंतिम दर्शन होंगे; आप वहां आ सकते हैं। इसके बाद, कल दोपहर 4 बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।”

आशा भोसले का परिवार

आशा भोसले प्रतिष्ठित मंगेशकर परिवार से थीं और वे महान गायिका लता मंगेशकर की बहन थीं। उनके अन्य भाई-बहन उषा मंगेशकर, मीना खडीकर और हृदयनाथ मंगेशकर हैं। उनकी पहली शादी गणपतराव भोसले से हुई थी और बाद में उन्होंने संगीतकार आर. डी. बर्मन से शादी की। उनके तीन बच्चे हैं- हेमंत, वर्षा (दिवंगत) और आनंद भोसले. उनकी पोती जनाई भोसले ने भी गायिका के तौर पर उन्हीं के नक्शेकदम पर चलना शुरू कर दिया है। इसके अलावा वह फिल्म में भी काम करने जा रही है।

सोनू निगम ने दिल को छू लेने वाला पोस्ट शेयर किया

सोनू निगम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ साल पुरानी आशा भोसले के साथ की एक याद शेयर की और लिखा, “अब तक की सबसे महान गायिकाओं में से एक के करियर का पर्दा गिर गया है। भारतीय फिल्म संगीत के शुरुआती दौर की आखिरी बची हुई योद्धा ने आज अलविदा कह दिया है और हम सभी को अपनी अंतिम विदाई दी है। उन्होंने एक पूरी ज़िंदगी जी, जिसमें उन्हें कई उतार-चढ़ाव और चुनौतियों का सामना करना पड़ा, जिससे वे असाधारण ऊंचाइयों तक पहुंचीं। उन्होंने कई दशकों तक अपने संगीत और अपनी जिंदादिली से अरबों लोगों के जीवन को छुआ। एक ऐसी कलाकार, जिन्होंने अपनी जिंदगी के आखिरी पल तक रियाज के प्रति अपने जुनून से हम सभी को प्रेरित किया।”

स्मृति ईरानी ने कहा – उनकी आवाज ने कई पीढ़ियों को परिभाषित किया

अभिनेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया, “आशा भोसले ताई के निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। उनकी आवाज़ ने कई पीढ़ियों को परिभाषित किया, हमारी भावनाओं को व्यक्त किया और भारतीय संगीत में जान डाल दी; वह भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक ऐसा हिस्सा रहेंगी जिसकी जगह कोई नहीं ले सकता। उनकी आवाज हर घर, हर याद और हर उस दिल में हमेशा जिंदा रहेगी जिसने कभी संगीत को प्यार किया है। उनके परिवार और दुनिया भर में मौजूद उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”

यह भी पढ़ें- आशा भोसले को याद कर भावुक हुए शाहरुख खान, जानें किस स्टार ने क्या कहा?

Niharika Sharma
लेखक के बारे मेंBy Niharika Sharma
मेरा नाम निहारिका शर्मा है। मैं samastipurnews.in में एंटरटेनमेंट लीड के तौर पर काम कर रही हूं। पिछले 3 साल से मैं ग्लैमर और सिनेमा की दुनिया को कवर कर रही हूं। मेरा पूरा फोकस फिल्मों, टीवी सीरियल्स और OTT के ट्रेंडिंग अपडेट्स पर रहता है। मैं आपके लिए फिल्म रिव्यू, ट्रेलर एनालिसिस और बॉक्स ऑफिस का पूरा हिसाब-किताब लेकर आती हूं। लिखते वक्त मेरी एक ही कोशिश रहती है कि बात चाहे कितनी भी मुश्किल क्यों न हो, उसे बिल्कुल आसान और मजेदार तरीके से कहूं, ताकि आप खबर को सिर्फ पढ़ें नहीं बल्कि उससे कनेक्ट भी कर पाएं।
होम
ई-पेपरGoogleतस्वीरें