चाइनीज टेक कंपनी OPPO अपनी नई K-सीरीज में एक नया मॉडल Oppo K14 5G लॉन्च करने जा रही है. कंपनी का यह बजट फोन कल 9 मार्च को भारत में लॉन्च होने वाला है. वहीं, लॉन्च से पहले ही कंपनी ने इस फोन से जुड़े कई फीचर्स पर से पर्दा उठा दिया है. ऐसे में अगर आप भी नया बजट मॉडल खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये ओप्पो का नया मॉडल आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है. आइए जानते हैं इसके फीचर्स के बारे में.
Flipkart और Oppo स्टोर पर होगी बिक्री
ओप्पो का नया मॉडल कल दोपहर 12 बजे लॉन्च होने वाला है. हालांकि, कंपनी ने अभी यह क्लियर नहीं किया है, कि इसे बड़े लॉन्च इवेंट में पेश किया जाएगा या फिर सॉफ्ट लॉन्च के जरिए बाजार में उतारा जाएगा. वहीं, लाइव माइक्रोसाइट के अनुसार, यह मॉडल की सेल Oppo के ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा Flipkart के जरिए होगी. यह स्मार्टफोन दो कलर ऑप्शन पर्पल और व्हाइट में लॉन्च हो सकता है.
संभावित कीमत
Oppo ने अभी तक इस फोन की ऑफिशियल प्राइस का खुलासा नहीं किया है. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक इसकी कीमत K14x मॉडल से थोड़ी ज्यादा हो सकती है. बता दें कि Oppo K13 5G भारत में लगभग 17,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च हुआ था, जबकि Oppo K13x 5G की शुरुआती कीमत करीब 11,999 रुपये थी. ऐसे में उम्मीद है कि Oppo K14 5G की कीमत लगभग 16,000 से 19,000 रुपये के बीच हो सकती है.
डिजाइन और डिस्प्ले
डिजाइन कि बात करें, तो Oppo K14 5G में फ्लैट बैक पैनल और क्रिस्टल-स्टाइल पैटर्न देखने को मिल सकता है. इसके पीछे स्क्वायर शेप कैमरा मॉड्यूल में डुअल रियर कैमरा और LED फ्लैश दिया जाएगा. फोन में फ्लैट मेटल फ्रेम और राउंडेड कॉर्नर होंगे. वहीं फ्रंट में होल-पंच डिस्प्ले दी जाएगी, जिसमें सेल्फी कैमरा फिट होगा.






















