राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi ने IPL 2026 एलिमिनेटर मुकाबले में ऐसी पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में खेले गए मैच में 15 साल के बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए। वह IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए।
क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा
जानकारी के मुताबिक युवा बल्लेबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने मैदान के हर कोने में बड़े शॉट लगाए। सिर्फ 28 गेंदों में वह 97 रन तक पहुंच गए थे। क्रिकेट फैंस को लग रहा था कि अब IPL इतिहास का सबसे तेज शतक देखने को मिलेगा। यह रिकॉर्ड अब तक वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम है।
गेल ने साल 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 30 गेंदों में शतक लगाया था। वैभव के पास 29 गेंदों में सेंचुरी पूरी करने का शानदार मौका था। लेकिन 29वीं गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में वह कैच आउट हो गए। प्रफुल हिंगे ने उनका विकेट लिया और इसी के साथ नया इतिहास बनते-बनते रह गया। हालांकि उनकी इस विस्फोटक पारी ने पूरे स्टेडियम को झूमने पर मजबूर कर दिया।
उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 12 लंबे छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 334.48 का रहा, जो प्लेऑफ जैसे बड़े मुकाबले में बेहद खास माना जा रहा है।















