Samastipur News: समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाने के पतैली कोरबद्धा गांव स्थित कब्रिस्तान के पास गुरुवार रात घर के दरवाजे पर खाना खाने के बाद टहल रहे बुजुर्ग को एक ऑटो ने ठोकर मार दी। इस दौरान ऑटो भी पलट गई। जिससे बुजुर्ग समेत चार लोग जख्मी हो गए।

जख्मी लोगों में लखनीपुर महेशपट्टी के झरी साह के अलावा ऑटो चालक नारायण साह और दो अन्य यात्री भी शामिल हैं। गंभीर रूप से जख्मी झरी साह व चालक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि हल्के रूप से जख्मी का उपचार उजियारपुर के पीएससी में कराया गया।

Samastipur News: घटना के संबंध में जख्मी झरी साह ने बताया कि रात वह खाना खाने के बाद घर के सामने सड़क किनारे टहल रहे थे। इसी दौरान उजियारपुर स्टेशन की ओर से आ रही एक अनियंत्रित ऑटो ने ठोकर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसी दौरान ऑटो भी सड़क किनारे पलट गई। जिससे ऑटो चालक के साथ ही दो अन्य लोगों को भी चोटे आई। ऑटो उजियारपुर स्टेशन से गावपुर गांव लौट रही थी।

Samastipur News: हल्ला होने पर आसपास के और परिवार के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने जख्मी बुजुर्ग के साथ ऑटो को उठाकर जख्मी लोगों को उजियारपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चालक और बुजुर्ग को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर किया गया। दोनों जख्मी के परिजन रात में भी दोनों को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जबकि दो अन्य जख्मी यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद घर के लिए छूट्टी दे दी गई। बताया गया है कि दोनों गावपुर गांव के ही रहने वाले थे। होली के मौके पर परदेश से लौटें थे। स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद घर लौट रहे थे।