India-US Trade Deal: बताते चले की 29 जुलाई 2025 को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह स्पष्ट संकेत दिया कि अगर भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ता 1 अगस्त तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचती, तो भारत से आने वाले उत्पादों पर 20% से 25% तक टैरिफ लगाया जा सकता है। इस बयान के बाद व्यापार जगत में हलचल तेज हो गई है और निवेशकों की चिंता बढ़ गई है।
व्यापार वार्ता का अब तक का हाल
भारत और अमेरिका के बीच पिछले तीन महीनों में पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, जिसका उद्देश्य था एक ऐसे व्यापार समझौते तक पहुंचना जिससे दोनों देशों को लाभ हो। अमेरिका चाहता है कि भारत अपने डेयरी, कृषि और ऑटोमोबाइल सेक्टर में विदेशी कंपनियों को ज्यादा पहुंच दे। वहीं भारत की मांग है कि अमेरिका स्टील, एल्यूमीनियम और ऑटो सेक्टर पर लगाए गए भारी-भरकम टैक्स को कम करे।
भारत के वाणिज्य मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और अमेरिका की तरफ से दक्षिण व मध्य एशिया के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच इस वार्ता में शामिल रहे हैं। यह वार्ता भारत और अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जा रही है।
ट्रंप का बयान और भारत को चेतावनी
डोनाल्ड ट्रंप ने स्कॉटलैंड से अमेरिका लौटते समय मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि भारत पर 20 से 25 फीसदी का टैरिफ लगाया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत अमेरिका का मित्र देश है और उन्होंने पाकिस्तान के साथ शांति बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।






















