बुलेट दुर्घटना में गई राहुल उर्फ छोटू सिंह की जान
वैशाली की सांसद वीणा देवी के बेटे राहुल उर्फ छोटू सिंह की सोमवार शाम सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा जैतपुर ओपी क्षेत्र के पोखरैरा गांव के पास हुआ, जब उनकी बुलेट को एक पिकअप वैन ने सामने से टक्कर मार दी। हादसे के वक्त छोटू ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के बाद छोटू सड़क पर छटपटा रहे थे। उन्हें तुरंत सरैया पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वीणा देवी ने वीडियो कॉल पर सुनी बेटे की मौत की खबर
घटना के बाद सांसद वीणा देवी ने बेटे के मोबाइल पर वीडियो कॉल किया। डॉक्टर ने कॉल उठाते हुए वीणा देवी को पहचानते हुए कहा, “यह तो मर चुका है।” यह सुनते ही सांसद फूट-फूट कर रोने लगीं। बाद में यह पता चला कि मृतक राहुल राज, सांसद वीणा देवी और एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह के बेटे थे।
राजनीतिक हस्तियों ने दी अंतिम विदाई
छोटू सिंह का अंतिम संस्कार मंगलवार को रेवा घाट पर किया गया, जहां साहेबगंज के बीजेपी विधायक राजू सिंह, बरूराज के विधायक बीजेपी अरुण सिंह, पूर्व मंत्री इसराइल मंसूरी समेत कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।

पत्नी निरूपमा का भावुक पोस्ट – ‘कल क्या हो, किसने जाना’
हादसे से कुछ घंटों पहले ही छोटू सिंह की पत्नी निरूपमा ने फेसबुक पर एक रील पोस्ट की थी। इस वीडियो में उनकी बेटी एयरपोर्ट पर बैग लेकर चलती नजर आ रही थी, और बैकग्राउंड में गाना बज रहा था – “आसमानों से बढ़ना है आगे, चांद-तारों से चलना है आगे, यहां कल क्या हो किसने जाना।” हादसे की खबर के बाद सोशल मीडिया पर सन्नाटा छा गया, और केवल व्यूज बढ़ते गए।























