Happy Patel OTT Release Date: कॉमेडियन और एक्टर वीर दास की ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ आपको याद है? यह फिल्म इसी साल जनवरी 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फुस्स हो गई थी और कोई कमला नहीं दिखा पाई। मूवी की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें सुपरस्टार आमिर खान ने भी काम किया था। फिर भी मूवी दर्शकों को थिएटर्स तक खींचने में नाकाम रही. हालांकि जो दर्शक इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर देखना चाहते हैं, उनके लिए खुशखबरी है. फिल्म अब ओटीटी पर रिलीज हो रही है।
इस ओटीटी पर रिलीज हो रही हैप्पी पटेल
हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ के साथ वीर दास ने डायरेक्टर के तौर पर अपना डेब्यू किया था। यह स्पाई एक्शन कॉमेडी फिल्म आखिरकार नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। नेटफ्लिक्स के ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल ने शनिवार को घोषणा की कि फिल्म 1 अप्रैल से इस स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर देखने के लिए उपलब्ध होगी। फिल्म का पोस्टर शेयर कर कैप्शन में लिखा हुआ है, “भारत नए लोगों के लिए नहीं है। लेकिन हैप्पी पटेल के लिए है। ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ देखें, जो 1 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है।”
फिल्म में इमरान खान ने खींचा था दर्शकों का ध्यान
इमरान ने ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ में जबरदस्त एंट्री मारी थी। एक लंबे समय के बाद एक्टर बड़े पर्दे पर नजर आए थे। फिल्म में उनके एंट्री सीन में बैकग्राउंड में ‘जाने तू या जाने ना’ फिल्म का गाना ‘पप्पू कांट डांस साला’ बज रहा था और इमरान इसमें जबरदस्त एक्शन करते दिखे थे। साल 2008 में दर्शकों ने इमरान को इसी गाने पर डांस करते देखा था।
आमिर खान का दिलचस्प कैमियो
फिल्म में आमिर खान ने कैमियो रोल निभाया था। उन्होंने मूवी में ‘डॉन जिमी’ का किरदार निभाया था और मोना सिंह उनकी बेटी की भूमिका में दिखी थी। इस फिल्म में वे बाप-बेटी की जोड़ी के रूप में दिखे थे, जबकि ‘लाल सिंह चड्ढा’ में वे मां-बेटे की जोड़ी में थे। अद्वैत चंदन की उस फिल्म में मोना ने आमिर की मां का किरदार निभाया था।











