आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘एक दिन’ का ट्रेलर 16 अप्रैल 2026 को रिलीज हुआ था। कहानी जुनैद नाम के एक शर्मीले इंसान के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी ऑफिस की सहकर्मी को अपने दिल की बात बताने से घबराता है। इस बीच जापान में आया एक मोड़ उसकी लाइफ बदल देता है। फिल्म का आमिर प्रमोशन कर रहे हैं। इस बीच एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि फिल्म की एडवांस बुकिंग 39 दिन पहले उन्होंने क्यों शुरू कर दी थी।

आमिर खान ने कहा- इस कहानी पर मुझे पूरा भरोसा है

‘जस्ट टू फिल्मी’ के साथ बातचीत में, आमिर खान ने बताया, “सच तो यह है कि ‘एक दिन’ एक बहुत छोटी फिल्म है, इस मायने में कि इसमें जो कलाकार हैं, वे बिल्कुल नए हैं। जुनैद ने तो अभी-अभी अपना करियर शुरू ही किया है और साई पल्लवी हिंदी में अपनी पहली फिल्म कर रही हैं। इसलिए मुझे लगा कि इस फिल्म को लोगों तक पहुंचने में थोड़ा ज्यादा समय लगेगा। तो जितनी जल्दी हम इसे शुरू करेंगे, उतना ही अच्छा होगा। यह एक ऐसी कहानी है जिस पर मुझे पूरा भरोसा है और मैं खुद भी काफी भावुक किस्म का दर्शक हूं।”

सुनील पांडे की आमिर खान ने की तारीफ

आमिर खान ने फिल्म के डायरेक्टर सुनील पांडे के लिए कहा, “उन्होंने बहुत ही शानदार काम किया है। उन्होंने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की है और वे बहुत ही लगन वाले इंसान हैं। हममें से कोई नहीं जानता कि फिल्म अच्छा करेगी या नहीं, लेकिन मेरे लिए जो सबसे जरूरी बात है, वह यह है कि क्या हम स्क्रिप्ट को फिल्म में पूरी तरह से जीवंत कर पाए हैं। मेरे लिए सफलता का पहला पैमाना यही है। इसलिए जब मैं आज फिल्म देखता हूं, तो मुझे लगता है कि सुनील ने स्क्रिप्ट में जो कुछ भी था, उसे पूरी ईमानदारी से पर्दे पर उतारने में सचमुच कामयाबी हासिल की है। बेशक फिल्म की सफलता को समझने के लिए आंकड़े (नंबर्स) भी जरूरी होते हैं, लेकिन अगर कोई ऐसी फिल्म अच्छा कर जाए जो आपको पसंद ही न हो, तो फिर क्या? ऐसी सफलता से मुझे कोई खुशी नहीं मिलती।”

ये एक्टर फिल्म में निभाएगा छोटा सा रोल

फिल्म ‘एक दिन’ में एक्टर कुणाल कपूर एक छोटा सा किरदार निभा रहे हैं। उन्होंने फिल्म का हिस्सा बनने पर कहा कि ये एक प्यारी फिल्म है और उन्हें विश्वास है कि यह दर्शकों से जुड़ पाएगी। एक्टर ने यह भी कहा कि उन्हें इस किरदार को निभाने में मजा आया, भले ही फिल्म में उनका रोल छोटा ही क्यों न हो।

यह भी पढ़ें- ‘Raja Shivaji’ का हिंदी वर्जन क्यों छोटा? 8 मिनट कम रनटाइम के पीछे बड़ा कारण!