Jana Nayagan: सी. जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। 10 मई को उन्होंने शपथ ली। उनके शपथ समारोह में उनके परिवार के अलावा एक्ट्रेस तृषा कृष्णन मौजूद थीं, जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इसी बीच केवीनएन प्रोडक्शंस के संस्थापक वेंकट के. नारायण ने ‘जना नायकन’ की रिलीज़ की संभावना की ओर इशारा किया। थलापति विजय की इस फिल्म को लेकर काफी बज है और फैंस इसके रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। पहले फिल्म 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसरशिप से जुड़े मुद्दों के कारण इसे आधिकारिक तौर पर टाल दिया गया था। अब लेटेस्ट अपडेट आया है इसके रिलीज को लेकर।

क्या ‘जना नायकन’ जल्द ही रिलीज होगी?

मीडिया से बातचीत के दौरान, केवीनएन प्रोडक्शंस के संस्थापक वेंकट के. नारायण ने विजय की फिल्म ‘जना नायकन’ की रिलीज को लेकर हिंट दिए। विजय के तमिलनाडु का मुख्यमंत्री बनने पर खुशी ज़ाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि सभी को लगता था कि ‘जना नायकन’ सिर्फ एक फिल्म है, लेकिन अब यह एक्टर तमिलनाडु का जना नायकन बन गया है। उन्होंने आगे कहा कि फिल्म के निर्माता सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के सर्टिफिकेट का इंतजार कर रहे हैं और जैसे ही उन्हें यह सर्टिफिकेट मिलेगा, वे फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज कर देंगे।

‘जना नायकन’ की स्टार कास्ट

फिल्म में वेट्री कोंडन के रूप में थलापति विजय, कायल के रूप में पूजा हेगड़े, सज्जाद अली मुरादाबादी के रूप में बॉबी देओल, विजी के रूप में ममीथा बैजू, श्रीकांत के रूप में श्रीकांत गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज, प्रियामणि शामिल हैं। एच. विनोद द्वारा निर्देशित, ‘जना नायकन’ साल 2023 की तेलुगू फिल्म ‘भगवंत केसरी’ का रीमेक है, जिसमें नंदामुरी बालकृष्ण ने अभिनय किया था। फिल्म में विजय एक पुलिस अधिकारी के किरदार में दिखे हैं, जबकि बॉबी ने खलनायक का रोल निभाया है।

किस वजह से मूवी नहीं हो पा रही रिलीज?

‘जना नायकन’ कई महीनों से बिना सेंसर सर्टिफिकेट के अटकी हुई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को सबसे पहले दिसंबर 2025 में सीबीएससी की जांच समिति के सामने दिखाया गया था। बताया जाता है कि समिति ने फिल्म में कई कट लगाने का सुझाव दिया था और कहा था कि ये बदलाव करने के बाद फिल्म को U/A सर्टिफिकेट मिल सकता है। कहा जा रहा है कि निर्माताओं ने इन सुझावों को मान लिया और फिल्म को दोबारा जमा कर दिया। हालात तब बदल गए जब कुछ सीन को लेकर शिकायतें मिली, जिसके बाद फिल्म को एक रिविजिंग कमिटी के पास भेज दिया गया, जिससे और देरी हुई। सर्टिफिकेशन की इस लंबी प्रक्रिया की वजह से फिल्म की रिलीज की योजनाएं सब गड़बड़ा गए हैं।