Jailer 2: रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ इस दिनों चर्चा में है। ‘जेलर 2’ रजनीकांत की 2023 की फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है। रजनीकांत ने पहले कहा था कि यह सीक्वल 12 जून, 2026 को रिलीज होगा। हालांकि सन पिक्चर्स ने अभी तक रिलीज की तारीख की घोषणा नहीं की है। अब एक्टर मिमोह चक्रवर्ती ने ‘जेलर 2’ के सेट से एक बिहाइंड-द-सीन्स तस्वीर शेयर की है। इस फोटो में उनके पिता और एक्टर मिथुन चक्रवर्ती, सुपरस्टार रजनीकांत के साथ नजर आ रहे हैं। दो फिल्मी दिग्गजों को एक साथ दिखाती इस तस्वीर ने तुरंत फैंस का ध्यान खींच लिया है।

इस एक्टर की होगी क्या एंट्री?

मिमोह ने फोटो शेयर कर अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, “वह जादुई पल जब आप दो जीवित दिग्गजों के बीच खड़े होते हैं! वाह! ‘जेलर 2’ के सेट पर।” फोटो के वायरल होने पर फैंस कयास लगाने लगे कि फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती की एंट्री हो सकती है। हालांकि मेकर्स ने फिल्म की कास्ट और कहानी के बारे में चुप्पी साध रखी है, लेकिन इस वायरल तस्वीर ने इस हाई-ऑक्टेन फ्रेंचाइजी में एक बड़े जुड़ाव की संभावना को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।

मेकर्स ने अभी तक नहीं बताई रिलीज डेट

अप्रैल में रजनीकांत ने ‘जेलर 2’ की शूटिंग पूरी कर ली थी। सन पिक्चर्स ने एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जो फिल्म के सेट की लग रही थीं। इन तस्वीरों में टीम को केक काटकर इस मौके का जश्न मनाते हुए देखा जा सकता है, जिसमें कास्ट और क्रू भी शामिल थे। तस्वीरों के साथ मेकर्स ने एक कैप्शन भी जोड़ा, जिसमें लिखा था, “अलप्परई केलाप्पुरोम, थलाइवरु नेरंधारम! #जेलर 2 की शूटिंग पूरी हुई।” इससे पहले रजनीकांत ने भी पुष्टि की थी कि ‘जेलर 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म अब पोस्ट-प्रोडक्शन के अंतिम चरण में है। सुपरस्टार ने आगे कहा कि प्रोडक्शन टीम जल्द ही आधिकारिक तौर पर फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा करेगी।

बिजली का झटका लगने से रजनीकांत की ‘जेलर 2’ टीम के सदस्य की मौत

वहीं, हाल ही में रजनीकांत की आने वाली तमिल फिल्म ‘जेलर 2’ के सेट पर बिजली का झटका लगने से 28 साल के एक क्रू मेंबर की मौत हो गई थी। मृतक की पहचान कार्तिकेन के तौर पर हुई है, जो फिल्म के आर्ट डिपार्टमेंट से जुड़ा था। जानकारी के मुताबिक, कार्तिकेन आर्ट डायरेक्शन के काम में लगा था और शूटिंग के लिए घर जैसा एक सेट बनाने में मदद कर रहा था, तभी उसे जानलेवा बिजली का झटका लगा। यह घटना फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सन पिक्चर्स द्वारा यह घोषणा किए जाने के कुछ हफ्तों बाद सामने आई है कि ‘जेलर 2’ की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इस घटना पर मेकर्स की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया।

यह भी पढ़ें-दर्शकों के प्यार से गदगद हुईं सारा अली खान, ‘पति पत्नी और वो 2’ पर शेयर किया खास मैसेज