यूट्यूबर अनुराग डोभाल पिछले कुछ महीने से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में है। मार्च में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर अपनी कार के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद इस अनुराग को गंभीर चोटें आई थीं। अनुराग ने ये एक्सीडेंट जानबूझकर किया था। इंस्टाग्राम लाइव में उन्होंने कहा था कि उनके पास कोई नहीं है। हालांकि उस एक्सीडेंट के बाद अब वह ठीक हो रहे हैं। अपने लेटेस्ट वीडियो में उन्होंने घोषणा कि वह अपनी पत्नी रितिका के साथ फिर से आ रहे हैं और इस रिश्ते को दूसरा मौका दे रहे हैं।
अनुराग डोभाल का लेटेस्ट व्लॉग
अनुराग डोभाल और रितिका ने परिवार को लेकर व्लॉग में कहा, “हमें कोई व्लॉग पोस्ट किए हुए लगभग 7-8 महीने हो गए हैं। हमने लगभग दो साल पहले ही रेगुलर होना बंद कर दिया था। हम बैकग्राउंड में बहुत सारी चीजों से जूझ रहे थे। मैं हमेशा से एक फैमिली मैन रहा हूं और रितिका भी परिवार को बहुत मानती है। पिछले दो सालों में बहुत कुछ ऐसा हुआ जिसके बारे में हमने सोशल मीडिया पर कुछ भी पोस्ट नहीं किया।” रितिका ने आगे कहा, “हम इसलिए भी कुछ पोस्ट नहीं करना चाहते थे क्योंकि हम एक पॉजिटिव असर डालना चाहते थे।”
अनुराग बोले- हमने परिवार के प्यार के लिए बहुत कुछ सहा
अनुराग ने आगे बताया, “हम बस 15-20 मिनट की शूटिंग करते थे ताकि यह दिखा सकें कि हमारे बीच सब कुछ ठीक है, जबकि असल में हम कई नेगेटिव चीजों से जूझ रहे थे। ये सब कुछ हमारे साथ एक ही समय पर हुआ। रितिका और मैं पिछले 3-4 सालों से रिलेशनशिप में हैं और हमने हमेशा परिवार के प्यार के लिए बहुत कुछ सहा है। हमने आखिर तक परिवार के लिए बहुत सारी कुर्बानियां देने की कोशिश की, लेकिन मुझे नहीं पता कि आखिर हुआ क्या।”















