यूट्यूबर अनुराग डोभाल ने कुछ दिन पहले अपना आखिरी व्लॉग पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वह डिप्रेशन में हैं। अनुराग ने व्लॉग में अपने परिवार पर अपनी इंटर-कास्ट शादी को लेकर उन्हें प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी उन्हें छोड़ कर चली गई। वीडियो वायरल होने के बाद फैंस उन्हें लेकर काफी परेशान हो गए। उनके भाई कलाम ने उनपर आरोप लगाया कि वह सिर्फ नाटक कर रहे हैं। अब उनका एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने इंस्टाग्राम लाइवस्ट्रीम के दौरान आत्महत्या करने की कोशिश की। फिलहाल वह आईसीयू में हैं।

हॉस्पिटल से सामने आया अनुराग डोभाल का पहला वीडियो

दरअसल, अनुराग डोभाल लाइवस्ट्रीम के दौरान अपनी कार को 150 kmph की रफ्तार से चला रहे थे और उन्होंने इसे अपनी “आखिरी ड्राइव” बताया था। इस दौरान वह काफी भावुक हो गए थे और लाइव में उन्होंने कहा “और मुझे उम्मीद है… जब मैं अपने अगले जन्म में वापस आऊं, तो कृपया मुझे प्यार देना मम्मी। मुझे सच में प्यार की जरूरत है।” जिसके बाद उनकी कार टकरा गई। अनुराग अभी अस्पताल में है और और अस्पताल से उनका पहला वीडियो सामने आया है। इंस्टाग्राम यूजर दीपक कथूरिया ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो में डोभाल अस्पताल के बेड पर लेटे दिख रहे हैं। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उनका हाथ पकड़कर उनसे मुस्कुराने को कहता है। जवाब में डोभाल थोड़ी देर के लिए मुस्कुराते है। वह शख्स कहता है कि “दूसरा जन्म हो गया ना, अनुराग भाई।”

अस्पताल पहुंचे तहलका और थारा भाई जोगिंदर

सोशल मीडिया पर कुछ और वीडियो वायरल हो रहे जिसमें इन्फ्लुएंसर सनी आर्य( तहलका) अनुराग डोभाल से अस्पताल में मिलने जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा अस्पताल के कई क्लिप्स इन्फ्लुएंसर थारा भाई जोगिंदर ने भी पोस्ट किए। वीडियो वायरल होने के बाद उनके चाहने वाले उनकी जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।