Bihar Food Poisoning: श्राद्ध भोज की दाल में मिली छिपकली, 150 से ज्यादा लोग बीमार
Bihar Food Poisoning: सुपौल के श्राद्ध भोज में दाल में छिपकली मिलने के बाद 150 से अधिक लोग बीमार पड़ गए। बच्चों समेत सभी मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है।
Bihar Food Poisoning: बिहार के सुपौल जिले से फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। त्रिवेणीगंज अनुमंडल के जदिया थाना क्षेत्र स्थित दतुआ गांव में श्राद्ध भोज के दौरान परोसी गई दाल में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने के बाद बच्चों समेत 150 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी प्रभावित लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Bihar Food Poisoning: श्राद्ध भोज के दौरान मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक दतुआ गांव निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के निधन के बाद रविवार देर रात श्राद्ध कर्म का भोज आयोजित किया गया था। इस सामुदायिक कार्यक्रम में करीब 500 ग्रामीण शामिल हुए थे। भोजन के दौरान कुछ लोगों ने दाल में मरी हुई छिपकली देखी। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि बच्चों को परोसे जा रहे भोजन में छिपकली के टुकड़े भी मिले।
यह खबर फैलते ही भोज स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने तुरंत खाना छोड़ दिया। कुछ ही देर बाद बच्चों और बड़ों में पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें सामने आने लगीं। ग्रामीणों ने बिना देर किए बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया। घटना के बाद पूरे गांव में चिंता का माहौल बन गया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों का चल रहा इलाज
बीमार लोगों को त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने अतिरिक्त व्यवस्था कर मरीजों का इलाज शुरू किया। अस्पताल अधीक्षक डॉ. इंद्रदेव यादव ने बताया कि 150 से अधिक लोगों को उपचार के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों में 60 से 70 छोटे बच्चे भी शामिल हैं। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है। राहत की बात यह है कि सभी मरीजों की स्थिति अब नियंत्रण में है।












