बेगूसराय में बुधवार रात एक युवा किसान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना चेरिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के खांजहांपुर करोड़ गांव की है, जहां अज्ञात बदमाशों ने एक किसान को घर से बुलाकर गोली मारी। पुलिस इस मामले में आरोपियों की पहचान के लिए छानबीन कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

मृतक की पहचान करोड़ गांव के वार्ड नंबर-16 निवासी श्याम विनोद महतो (30) के रूप में हुई है, जो योगेश्वर महतो के पुत्र थे। श्याम विनोद महतो एक युवा और मेहनती किसान थे। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक के परिजनों ने बताया घटनाक्रम

परिजनों ने बताया कि श्याम विनोद महतो रोज की तरह रात में खाना खाकर अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर चक्की डेरा स्थित अपने बथान (मवेशी रखने की जगह) पर सोने चले गए थे। देर रात किसी ने उन्हें डेरा से बुलाया और फिर उनके सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

SPONSORED CONTENTAdvertisement

सुबह में मिली खून से लथपथ लाश

सुबह जब लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले, तो उन्हें सड़क पर एक खून से सनी लाश पड़ी हुई मिली। यह देख आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद मंझौल डीएसपी नवीन कुमार के नेतृत्व में चेरिया बरियारपुर थाना के प्रभारी सुबोध कुमार पुलिस दल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।