बेगूसराय के भगवानपुर थाना क्षेत्र के मखवा गांव में नदी ने एक ही गांव को दो हिस्सों में बांट दिया है, जिससे यहां के लोगों को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आजादी के इतने वर्षों बाद भी इस गांव में सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। इस गांव में नदी के पूरब और पश्चिम किनारे बसे 15 हजार लोगों की आबादी के लिए यह नदी बड़ी चुनौती बन गई है।

नदी ने गांव को दो हिस्सों में बांटा, बरसात में नाव हादसों का बना रहता है खतरा
बरसात के मौसम में बैंती नदी का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे गांव के लोग बेहद मुश्किल हालातों का सामना करते हैं। नदी ने इस गांव को दो हिस्सों में विभाजित कर दिया है, जिसके कारण लोगों को खेत और बच्चों को स्कूल जाने के लिए हर दिन नाव से नदी पार करनी पड़ती है। सोमवार को हुए नाव हादसे में 25 से अधिक स्कूली बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई जब उनकी नाव बीच नदी में डूब गई। हालांकि, गांव के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बचा लिया, लेकिन इस घटना ने गांव वालों को भयभीत कर दिया है।























